सऊदी अरब ने इराक़ को धर्म के नाम पर विभाजित करने की योजना तैयार की है। इस बात का रहस्योद्घाटन कुर्दी समाचार एजेन्सी शार ने किया है।
शार समाचार एजेन्सी ने उत्तरी इराक़ में एक सुन्नी सरकार के गठन की सऊदी योजना का पर्दा फ़ाश किया है। इस रिपोर्ट में इस सप्ताह इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र में सऊदी अरब, तुर्की और अमरीका की बैठक की बात कही गई है जिसका लक्ष्य, उत्तरी इराक़ में सुन्नी सरकार के गठन के लिए सऊदी योजना की समीक्षा करना था। रिपोर्ट के अनुसार इस सरकार में अरबील, दहूक, मूसिल और अंबार के क्षेत्र शामिल किए जाएंगे और आरंभ में मसऊद बारेज़ानी को इस सरकार का प्रमुख बनाया जाएगा।
इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सुलैमानिया, हलब्चा, दियाला तथा सलाहुद्दीन क्षेत्रों को भी संभावित रूप से इसमें शामिल किया जा सकता है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सऊदी अरब, तुर्की और अमरीका के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त मसऊदी बारेज़ानी की अध्यक्षता में कुर्द डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधियों और उत्तरी इराक़ के कुछ सुन्नी क़बीलों के प्रमुखों ने भाग लिया।
इसी प्रकार इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र की इस्लामी एकता पार्टी के एक सदस्य ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर शार समाचार एजेन्सी से बताया कि इस्लामी एकता पार्टी की आपसी बैठक में सुन्नी सरकार के गठन की योजना पर चर्चाएं हुईं और कुर्दिस्तान क्षेत्र की समस्त पार्टियों को इस विषय की पूरी जानकारी है।
ज्ञात रहे कि इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी हालिया दिनों में सऊदी अरब, तुर्की और संयुक्त अरब इमारात का विवादास्पद दौरा कर चुके हैं। उनकी इन यात्राओं को इराक़ को विभाजित करने की योजना की परिधि में देखा जा रहा है।